
उपनिदेशक छबिल कुमार मेहेर ने सदस्य कार्यालयों को राजभाषा कार्यान्वयन के दिशा-निर्देशों से कराया अवगत
सरधना को बीएसएनएल के शास्त्रीनगर दूरभाष केंद्र में बुधवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), मेरठ की 78वीं अर्धवार्षिक बैठक आयोजित की गई। मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार एवं नराकास अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और दैनिक कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया गया। बैठक में राजभाषा विभाग के उपनिदेशक छबिल कुमार मेहेर ने सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों को राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा संबंधी प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और हिंदी में कामकाज की प्रगति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। अध्यक्षीय संबोधन में अरुण कुमार सिंह ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए सभी सदस्य कार्यालयों को अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। बैठक में मेरठ नगर स्थित करीब 42 केंद्रीय कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और निगमों के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान राजभाषा कार्यान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख रूप से दूरसंचार अनुज्ञा सेवा क्षेत्र के अपर महानिदेशक दीनदयाल तोषनीवाल, वरिष्ठ महाप्रबंधक प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अंकुर पी. गुप्ता, सहायक महाप्रबंधक राजेश कुमार, कनिष्ठ राजभाषा अधिकारी अमित गौड़ और कनिष्ठ हिंदी अनुवादक राकेश कुमार रावत सहित विभिन्न सदस्य कार्यालयों के अधिकारी उपस्थित रहे बैठक का संचालन नराकास, मेरठ के सचिव मुकेश कुमार ने किया। कार्यक्रम की जानकारी नराकास मेरठ के मीडिया प्रभारी डॉ. आरसी पांडेय ने दी।

