Report by : Neha Singh
Published at :
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की दौड़ में ऋषि सुनक सबसे आगे
विज्ञापन
विज्ञापन

लंदन, बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री की दौड़ में भारतीय मूल के ऋषि सुनक सबसे आगे हैं। पूर्व गृहमंत्री प्रीति पटेल की दावेदारी नहीं करने की घोषणा के बाद कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पद सुनक ने अपने नामांकन के लिए संसद के 20 कंजर्वेटिव पार्टी सदस्यों के समर्थन की सीमा को पार कर लिया है। सुनक यॉर्कशायर के रिचमंड से सांसद हैं।

पहले इस बात की संभावना थी कि सुनक की तरह भारतीय मूल की ही पटेल भी प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदारी पेश कर सकती हैं। गुजराती मूल की 50 वर्षीय कैबिनेट मंत्री प्रीति पटेल ने कहा कि मैं सांसदों द्वारा मतदान के लिए अपना नाम आगे नहीं बढ़ा रही।

प्रीति ने कहा कि गृह मंत्री के रूप में मैंने हमेशा अपने देश की सुरक्षा को तथा राष्ट्रीय हितों को सबसे ऊपर रखा है। मेरा ध्यान इस दिशा में लगातार काम करने पर है कि हमारी सड़कों पर और पुलिस रहे, हमारी शानदार सुरक्षा सेवाओं को हमारे देश को सुरक्षित रखने तथा हमारी सीमाओं पर नियंत्रण रखने में सहयोग दिया जाए।

इस पद के लिए नेताओं के पास नामांकन दाखिल करने के लिए स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे तक का समय है। इस दौड़ में भारतवंशी अटॉर्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन, विदेश मंत्री लिज ट्रस, नाइजीरियाई मूल की केमी बादेनोक, पूर्व विदेश मंत्री जेरेमी हंट, परिवहन मंत्री ग्रांट शेप्स, विदेश कार्यालय में अधिकारी रहमान चिश्ती और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद शामिल हैं।

ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री का चुनाव पांच सितंबर को किया जाएगा और वह संसद में प्रधानमंत्री के समक्ष आरंभिक प्रश्नों का सामना सात सितंबर को करेंगे। टोरी सांसदों द्वारा मतदान का पहला चरण बुधवार को होना है। गुरुवार को दूसरे चरण के मतदान के बाद चरणबद्ध तरीके से अंतिम दो उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›