शीतला प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि, सेवा व संघर्ष को किया नमन

Shahganj Jaunpur GEN
Suresh kannojiya

जौनपुर/शाहगंज। छताईं कला निवासी वरिष्ठ बैंक यूनियन नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय शीतला प्रसाद सिंह के तेरहवीं संस्कार पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, बैंकिंग जगत के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शीतला प्रसाद सिंह ने जीवनभर बैंक कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। वह सिद्धांतों पर चलने वाले, निडर और कर्मठ नेतृत्व के प्रतीक थे। उनका जीवन समाज सेवा और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।

उन्होंने कहा कि शीतला प्रसाद सिंह का व्यक्तित्व अत्यंत सरल और संवेदनशील था। वह केवल बैंक यूनियन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते रहे। उनका निधन बैंकिंग क्षेत्र और श्रमिक आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।

स्वर्गीय सिंह इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (ICIM) के चेयरमैन, लॉ ऑफ लेबर एडवाइजर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष तथा औद्योगिक श्रम कानून सलाहकार रहे। वह सोशल ऑडिटर सत्येंद्र सिंह के पिता थे। पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे और मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हुआ।

श्रद्धांजलि सभा में बैंक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शुक्ला, राजीव धवल, उदयभान मौर्य, लवकुश मौर्य, धर्मेंद्र सिंह, चतुर्भुज सिंह, अजय सिंह, हनुमान सिंह, बबलू बाबा सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।