देश

सोनिया-राजीव की तस्वीरों पर ट्रोलिंग से नाराज हुईं सोनाक्षी सिन्हा

e radio india meerut
  • अभिनेत्री ने पूछा- पति-पत्नी के प्रेम को गलत नजरिए से क्यों देखा जा रहा है?
  • राहुल गांधी के पारिवारिक किस्से के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी बहस

मुंबई। सोनिया गांधी और राजीव गांधी की पुरानी तस्वीरों तथा उनके वैवाहिक रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि पति-पत्नी के बीच प्रेम और अपनापन आखिर गलत कैसे हो सकता है? इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा पोस्ट में अभिनेत्री ने उन लोगों की सोच पर सवाल उठाए, जो वैवाहिक संबंधों में प्रेम के स्वाभाविक प्रदर्शन को भी गलत नजरिए से देखते हैं।

सोनाक्षी ने लिखा, “क्या कुछ लोग सिर्फ इसलिए नाराज हैं कि सोनिया गांधी लंच के समय राजीव गांधी की गोद में बैठती थीं?” उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि कुछ लोगों की सोच कितनी संकीर्ण हो गई है। पति-पत्नी के बीच प्रेम और लगाव किसी भी वैवाहिक रिश्ते का स्वाभाविक हिस्सा है। इसे गलत ठहराना उचित नहीं है।

होने वाले बच्चों को लेकर भी किया मजाक

सोनाक्षी ने अपनी पोस्ट में मजाकिया अंदाज भी अपनाया। उन्होंने लिखा, “धत तेरी की, मेरे होने वाले बच्चों को जरा भी अंदाजा नहीं है कि उनके साथ क्या होने वाला है। कमर कस लो बच्चों (तुम जहां कहीं भी हो, अभी)।” उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया पर चल रही बहस के संदर्भ में देखा जा रहा है।

राहुल गांधी ने सुनाया था माता-पिता से जुड़ा किस्सा

दरअसल, 16 नवंबर को नई दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता से जुड़ा एक निजी किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि पारिवारिक भोजन के दौरान सोनिया गांधी अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की गोद में बैठती थीं।

राहुल गांधी ने यह भी बताया था कि बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता है। बाद में जब वह दोस्तों के घर गए, तब उन्हें पता चला कि हर परिवार का व्यवहार एक जैसा नहीं होता। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई और सोनिया-राजीव के रिश्ते से जुड़ी पुरानी तस्वीरें भी बहस का हिस्सा बन गईं।

फिल्म में भी नजर आई थीं सोनाक्षी

सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ जहीर इकबाल मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा अंकित गुप्ता, शर्लिन सेठ, जरीना वहाब और पूर्णेंदु भट्ट भी सहायक भूमिकाओं में हैं।