लतीफ भट के मारे जाने पर अमित शाह ने सुरक्षा बलों को सराहा

- गृह मंत्री ने पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के तालमेल को बताया अभियान की सफलता का आधार
- लश्कर कमांडर 11 नवंबर को सीआरपीएफ चौकी पर हमले के मामले में था वांछित
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराए जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की सराहना की है। उन्होंने संयुक्त अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल का परिणाम बताया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान में बुधवार तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि इससे एक दिन पहले उसके साथी आतंकी उमर निसार को भी कुलगाम में मार गिराया गया था। गृह मंत्री ने अभियान में शामिल सभी बलों के बहादुर जवानों को सलाम किया।
सीआरपीएफ चौकी पर हमले के बाद से था फरार
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। उसे लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया गया है। वह 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले के मामले में वांछित था। इस घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम में ही उसके साथी उमर निसार को मुठभेड़ में मार गिराया गया था।
मस्जिद में छिपा था आतंकी, आत्मसमर्पण से किया इनकार
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव स्थित एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया, लेकिन उसने इनकार कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में लतीफ मारा गया। घटनास्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है। गृह मंत्री ने इस अभियान को सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर समन्वय और जवानों के साहस का उदाहरण बताया।