
स्कूटी पर बैठी हालत में मिला शव
मेरठ। बुधवार की सुबह टीपी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक खाली मैदान में स्कूटी पर बैठे एक युवक का शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त कंकरखेड़ा निवासी स्कूलकर्मी के रूप में हुई है। शव के पास ही पुलिस को कुछ इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि नशे की ओवरडोज से युवक की मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह स्थानीय निवासियों ने रोहटा रोड पुलिस चौकी के बराबर में स्थित खाली मैदान में स्कूटी पर एक युवक को बैठे हुए देखा। युवक के शरीर में कोई हरकत ना देख लोगों ने उसे हिलाया तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। जिसके बाद मृतक की शिनाख्त बैंक कॉलोनी कंकरखेड़ा निवासी 26 वर्षीय रजत यादव पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने बताया कि रजत एसडी इंटर कॉलेज में प्राइवेट कर्मचारी था। रजत नशे का आदी था। जिसके चलते उसका इलाज भी चल रहा था। रजत के पिता राधेश्याम हरियाणा के झज्जर में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। शव के पास ही पुलिस को कुछ खाली इंजेक्शन भी बरामद हुए। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज हुई है। इंस्पेक्टर टीपी नगर ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच की जा रही है।

