भरे बाजार सिरफिरे ने बलकटी से कई लोगों पर किया हमला
मेरठ। बुधवार की दोपहर पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के मोदीपुरम इलाके में उसे समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरे ने हाथ में बलकटी लेकर सड़क पर आतंक मचा दिया। युवक ने सड़क चलते कई लोगों पर बलकटी से हमला करके उन्हें घायल कर दिया। जिससे गुस्साई पब्लिक ने आरोपी को दबोच कर उसकी जमकर पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार को दोपहर रुड़की रोड पर ईशा प्लाईवुड के सामने अचानक एक युवक हाथ में बलकटी लेकर सड़क पर भागने लगा। इसके पहले की कोई कुछ समझ पाता युवक ने सड़क चलते लोगों पर बलकटी से हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक ई-रिक्शा चालक पर बलकटी से हमला करके युवक ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, एक बच्चा और दो अन्य लोग भी हमले का शिकार हुए। घटना के चलते सड़क पर भगदड़ मच गई। मगर, कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाकर युवक को धर दबोचा। इसके बाद गुस्साई पब्लिक ने युवक की जमकर पिटाई करते हुए उसे अधमरा कर दिया। जानकारी के बाद पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृश्यता प्रतीत हो रहा है कि आरोपी की मानसिक हालत सही नहीं है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। जिससे पूछताछ की जाएगी।