e radio india meerut
  • युवाओं को उद्यमिता के लिए मिलेगा मंच
  • स्टार्टअप प्रदर्शनी, विशेषज्ञ सत्र और पैनल चर्चा होगी आयोजित

मेरठ। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप संवाद का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के नए विचारों को स्टार्टअप और सफल कारोबार में बदलने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘फ्यूलिंग आइडियाज, बिल्डिंग स्टार्टअप्स, शेपिंग ए विकसित भारत’ रखी गई है। इसका उद्देश्य नए विचारों को प्रोत्साहन देना, स्टार्टअप को बढ़ावा देना और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में स्टार्टअप प्रदर्शनी और इनोवेशन स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा विशेषज्ञों के विशेष सत्र, स्टार्टअप टॉक्स और पैनल डिस्कशन भी आयोजित होंगे। इन सत्रों में उद्यमिता, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

संवाद में युवाओं, नए उद्यमियों और स्टार्टअप से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने की पहल की गई है। इससे उन्हें अपने विचार प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने और नए व्यावसायिक संपर्क बनाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पश्चिमांचल के युवाओं में उद्यमिता की सोच विकसित करना और उनके नवाचार को व्यावसायिक पहचान दिलाने की दिशा में मदद करना है।