एनडीए की 4 सीटें तय, पांचवीं सीट पर उपेंद्र कुशवाहा की होगी कड़ी टक्कर
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अब साफ होती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

नितिन नवीन का राज्यसभा जाना तय
फिलहाल पटना की बांकीपुर सीट से विधायक और बिहार बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। संख्याबल के आधार पर उनका निर्विरोध निर्वाचन संभव है।
शिवेश कुमार राम को मिला मौका
बीजेपी ने शिवेश कुमार राम को दूसरा उम्मीदवार बनाया है। वे 2024 लोकसभा चुनाव में सासाराम सीट से उम्मीदवार थे, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर भरोसा जताया है।
एनडीए का साझा उम्मीदवार होंगे उपेंद्र कुशवाहा
एनडीए ने पांचवीं सीट के लिए उपेंद्र कुशवाहा को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है। वे अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे। इससे यह भी साफ हो गया कि उनके बीजेपी में विलय की अटकलें फिलहाल खत्म हो गई हैं।
राज्यसभा चुनाव का गणित
- 16 मार्च को बिहार की 5 सीटों पर मतदान
- कुल 243 विधायक करेंगे मतदान
- एक सीट जीतने के लिए 41 वोट जरूरी
- 4 सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय
- पांचवीं सीट पर मुकाबला रोचक
पांचवीं सीट पर होगा असली मुकाबला
जहां नितिन नवीन और शिवेश कुमार राम का निर्विरोध राज्यसभा जाना तय दिख रहा है, वहीं उपेंद्र कुशवाहा के लिए राह आसान नहीं है। एनडीए के पास करीब 38 वोट हैं, ऐसे में उन्हें जीत के लिए कम से कम 3 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे।
इस वजह से पांचवीं सीट पर राष्ट्रीय जनता दल समेत महागठबंधन से कड़ी चुनौती मिलना तय माना जा रहा है।





