
जौनपुर। होली के अवसर पर बदलापुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा क्षेत्र में 13 नए मार्गों के निर्माण और 92 मार्गों के विशेष एवं सामान्य मरम्मत कार्य को स्वीकृति दी गई है। कुल 105 सड़कों पर निर्माण और नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा, जिनमें से कई मार्गों पर काम शुरू भी हो चुका है।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करना और आवागमन को सुगम बनाना है। विशेष मरम्मत कार्य के अंतर्गत यूनियन बैंक महराजगंज से डेल्हूपुर होते हुए सरायबिभार ब्राह्मण बस्ती तक मार्ग, रामपुर संपर्क मार्ग, हरिहरपुर पानी की टंकी से नकहरा-नरवारी तक तथा मुहकुचा से रामनगर तक मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा सामान्य मरम्मत के अंतर्गत बीरभानपुर-भगतपुर मार्ग से दुर्गापट्टी तथा प्रयागराज-गोरखपुर राज्य मार्ग-7 से जुड़े विभिन्न संपर्क मार्गों को भी दुरुस्त किया जाएगा। वहीं नव निर्माण मार्गों में घनश्यामपुर-शाहपुर-साहनी मार्ग से अहियापुर पाठक बस्ती, उदपुर गेल्हवा से बनगांव पट्टी दड़िया गड़ेरान बस्ती और सिंगरामऊ-लालगंज मार्ग से खानपुर मिश्रा बस्ती तक सड़क निर्माण प्रस्तावित है।
बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होली के पावन पर्व पर मिली यह सौगात क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि सभी सड़कें मानक के अनुरूप और टिकाऊ बन सकें। यह परियोजना क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी।
#JaunpurNews #Badlapur #RoadConstruction #UPDevelopment #YogiGovernment #Infrastructure #UPNews






