• उत्तर प्रदेश
  • “रामनगरी में हड़कंप: महायज्ञ पंडाल में भीषण आग, बाल-बाल बचे श्रद्धालु”

    अयोध्या में महायज्ञ पंडाल में भीषण आग, राम मंदिर से 800 मीटर दूर मची अफरा-तफरी

    अयोध्या में महायज्ञ पंडाल में भीषण आग, राम मंदिर से 800 मीटर दूर मची अफरा-तफरी

    अयोध्या:
    अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाटी वाले बाबा घाट के पास आयोजित “श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ” के विशाल पंडाल में अचानक भीषण आग लग गई। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में हो रहा था।

    राम मंदिर के पास धू-धू कर जला पंडाल

    घटनास्थल राम जन्मभूमि मंदिर से महज 800 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत एक छोटी चिंगारी से हुई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
    करीब एक एकड़ में फैला पंडाल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है।

    मौके पर मौजूद थे मंत्री और विधायक

    हादसे के समय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह मौके पर ही मौजूद थे। दोनों नेताओं ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए राहत और बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।

    दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

    सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4-5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की बस्तियों और घाटों तक फैलने से रोक लिया गया।

    जांच में जुटा प्रशासन

    इस घटना के बाद सुरक्षा और फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
    फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

    प्रशासन की अपील

    प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस हादसे से स्थानीय लोग और श्रद्धालु सदमे में हैं।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 mins