
- 8वें वेतन आयोग के समक्ष रखा गया पक्ष, पेंशन राशिकरण अवधि घटाने और ग्रेड पे बढ़ाने की मांग पर हुई चर्चा
मेरठ। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स कल्याण संघ की मासिक सभा बुधवार को कोषागार स्थित पेंशनर्स कक्ष में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष ब्रह्म दत्त शर्मा ने की, जबकि संचालन ए.के. कौशिक ने किया। बैठक में पिछले माह की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सभा के दौरान मेरठ कोषागार से आगरा कोषागार स्थानांतरित हुए मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सदस्यों ने कहा कि उनके कार्यकाल में पेंशनर्स की समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ तथा कोषागार परिसर में पेंशनर्स कक्ष का निर्माण कराकर उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किया।
प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ए.के. कौशिक ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि संघ द्वारा प्रांतीय स्तर पर 8वें वेतन आयोग की समिति को विभिन्न मांगों और समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि वेलिडेशन एक्ट समाप्त करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों को आयोग के समक्ष उठाया गया है। साथ ही वेतन आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखने से पूर्व उत्तर प्रदेश शासन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की गई है।
उन्होंने बताया कि संघ लंबे समय से पेंशन राशिकरण की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष किए जाने की मांग कर रहा है। इसके अतिरिक्त डिप्लोमा इंजीनियर्स को 8700 रुपये ग्रेड पे प्रदान करने तथा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पेंशनर्स को अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ दिए जाने संबंधी मांगों की प्रगति से भी सदस्यों को अवगत कराया गया।
बैठक में आर.सी. खरे, पोखपाल, सुदेश कुमार, श्याम सिंह नागर, आनंद स्वरूप गोयल तथा डी.सी. बंसल सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए संगठन की सक्रिय भूमिका पर बल देते हुए विभिन्न लंबित मांगों को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता बताई।
सभा के अंत में अध्यक्ष ब्रह्म दत्त शर्मा ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए बैठक का समापन किया।








