• मेरठ
  • मेरठ में सूर्य किरण का एयर शो

    मेरठ में सूर्य किरण का एयर शो
    e radio india meerut
    • 19 और 20 सितंबर को होगा रोमांचक एयर शो
    • नौ हॉक विमानों से करतब दिखाएगी सूर्य किरण टीम

    मेरठ। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम 19 और 20 सितंबर को मेरठ के आसमान में एयर शो करेगी। शो की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को सूर्य किरण टीम ने परतापुर क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और अपर जिलाधिकारी नगर ब्रजेश सिंह के साथ आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    नौ हॉक एमके-132 विमानों से होगा प्रदर्शन

    वर्ष 1996 में स्थापित सूर्य किरण एरोबैटिक टीम नौ हॉक एमके-132 विमानों के साथ प्रदर्शन करेगी। टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी करेंगे। एयर शो के दौरान दर्शकों को लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और अन्य एरोबेटिक करतब देखने को मिलेंगे।

    आसमान में दिखेगा तिरंगे का रंग

    एयर शो में स्वदेशी स्मोक पॉड्स भी आकर्षण का केंद्र होंगे। नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो ने इन्हें विकसित किया है। इनकी मदद से हॉक विमानों के पीछे केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं दिखाई देगा, जिससे आसमान में तिरंगे की छटा नजर आएगी।

    मेरठ के तीन अधिकारी टीम में

    सूर्य किरण टीम में मेरठ निवासी स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल भी शामिल हैं। एयर शो को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं।

    13 मई को भेजा था प्रस्ताव

    सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मेरठ में यह अपनी तरह का पहला एयर शो होगा। उन्होंने 13 मई को मेरठ में सूर्य किरण विमानों के एयर शो का प्रस्ताव दिया था। वायुसेना से इसे आठ सितंबर को मंजूरी मिली। सोमवार को उन्हें एयर शो की आधिकारिक जानकारी दी गई।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 mins