
किसानों ने गन्ना-ज्वार लेकर प्रदर्शन किया, लंबित मांगों के समाधान की मांग
मेरठ में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिया। लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों ने 15 दिनों में दूसरी बार कमिश्नरी और कलक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह करीब 11 बजे से बड़ी संख्या में किसान कमिश्नर कार्यालय पहुंचने लगे। हाथों में गन्ना और ज्वार की फसल लेकर किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने और हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगवा दिया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
इसके बाद किसान सड़क पर ही बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान हुक्का पीकर और ट्रैक्टरों पर डीजे बजाकर किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि समय मांगने के बावजूद अधिकारी उनसे मुलाकात नहीं कर रहे हैं। बाद में किसानों ने कमिश्नर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया।
किसानों ने लंबित मांगों का जल्द समाधान कराने की मांग की है।













