पुलिस की बेरीकेडिंग तोड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, सीजेपी के समर्थन में दिया धरना

eecd5610 2d6b 4daf 9e67 6268c0ed9184
e radio india meerut

मेरठ। शनिवार को सीजेपी द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के समर्थन में भाकियू के बैनर तले दर्जनों किसान सीजेपी को समर्थन देने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कमिश्नरी पर पुलिस की बेरीकेडिंग तोड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने ज्ञापन सौंपते हुए बीजेपी सरकार को तानाशाह करार दिया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार दर्जनों किसान शनिवार को कलेक्ट्रेट रवाना हुए। कमिश्नरी चौराहे के आसपास पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग को तोड़कर किसान नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट पहुंच गए। जहां उन्होंने धरना देकर हुक्का गुड़गुड़ाते हुए अधिकारियों को अपना ज्ञापन सौंपा। अनुराग चौधरी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारू है। वोट चोरी का विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। एक तरफ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहते हैं। वहीं, दूसरी तरफ किसानों का हर तरह से शोषण किया जा रहा है। अनुराग चौधरी ने प्रदेश में गन्ना मूल्य छह सौ रुपए प्रति कुंतल किए जाने, विद्युत आपूर्ति में सुधार किए जाने और हाल ही में ओलावृष्टि और बाढ़ से बर्बाद हुए किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई।