जंतर-मंतर प्रोटेस्ट को लेकर पूरे जिले की नाकेबंदी

34e966c1 9cc1 4971 b4db bd1dde19e07d
e radio india meerut

मेरठ। शनिवार को सीजेपी द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के चलते मेरठ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर रहा। सिवाया और काशी टोल प्लाजा सहित जिले की सभी सीमाओं की नाकेबंदी करते हुए पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। इस दौरान दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी सघन तलाशी ली गई। जंतर-मंतर पर धरने में शामिल हो रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर किसान काशी टोल प्लाजा पर धरना देकर बैठ गए। वहीं भाकियू चंडूनी के प्रदेश महासचिव को रोके जाने पर भी जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने जैसे-तैसे सभी को समझा बुझाकर वापस लौटाया। उधर, सिवाया टोल प्लाजा पर भी सघन चेकिंग के बाद ही वाहन चालकों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

e7de47cb d114 4866 bcb6 0d09f8378968


बताते चलें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन का ऐलान किया था। जिसके चलते शनिवार की सुबह ही मेरठ में पुलिस-प्रशासन ने जिले की सभी सीमाओं को सील करते हुए नाकेबंदी कर दी। सिवाया टोल प्लाजा और काशी टोल प्लाजा पर भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर दी गई। दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों से पूछताछ और वाहनों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। किसी भी राजनैतिक दल का झंडा लगे वाहन पुलिस के निशाने पर रहे। दिल्ली जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं के वाहनों को पुलिस ने काशी टोल प्लाजा पर रोक लिया। जिसके चलते हंगामा करते हुए किसान टोल प्लाजा पर धरना देकर बैठ गए और हुक्का गुड़गुड़ाना शुरू कर दिया। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन चंडूनी के प्रदेश महासचिव कपिल पूनिया को भी काफिले के साथ दिल्ली जाते हुए पुलिस ने काशी टोल प्लाजा पर ही रोक लिया। इस दौरान कपिल पूनिया की पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी नोंक-झोंक हुई। कपिल ने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में पुलिस भी वोट चोरों का साथ दे रही है। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने सभी लोगों को समझा कर वापस लौटाया।