सरधना में चार-बिन प्रणाली को लेकर जागरूकता अभियान

1a1e94e9 0e3f 4ad1 9d6e 54b6d5f1e79e
e radio india meerut

स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर पहुंची पालिका की टीम, कचरे को चार श्रेणियों में अलग रखने की अपील

सरधना। नगर पालिका परिषद की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने नगर के मुख्य बाजारों, विभिन्न वार्डों और आवासीय परिसरों में पहुंचकर नागरिकों को चार-बिन प्रणाली के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य नगर को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। शारदीय नवरात्र 2026 के अवसर पर प्रदेश में संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ नगरीय स्वच्छता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में पालिका की टीम ने घर-घर जाकर महिला स्वयं सहायता समूहों, जल सखियों और गृहणियों को कचरे के सही निस्तारण की जानकारी दी।
अभियान के दौरान टीम ने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को एक ही स्थान पर मिलाकर फेंकने के बजाय चार अलग-अलग श्रेणियों में रखना चाहिए। गीले कचरे के लिए हरे बिन का उपयोग करने की जानकारी दी गई, जिसमें सब्जी-फलों के छिलके और बचा हुआ भोजन रखा जाता है। वहीं, प्लास्टिक, कागज, कांच और गत्ते जैसे सूखे कचरे को नीले बिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा सेनेटरी पैड, डायपर और एक्सपायरी दवाओं जैसे हानिकारक कचरे को काले बिन में अलग रखने तथा खराब बैटरी, तार और पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे ई-वेस्ट को लाल या नारंगी बिन में रखने के बारे में समझाया गया। टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों में ही कचरे का पृथक्करण शुरू करें, ताकि उसके संग्रहण, पुनर्चक्रण और सुरक्षित निस्तारण में आसानी हो सके। अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करना स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि पालिका की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियों को कचरा अलग-अलग करके ही दें और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। उन्होंने स्वच्छता अभियान में महिलाओं और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया इस अवसर पर नगर पालिका के स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी विकास कुमार, सुपरवाइजर नितिन कुमार और नॉलेज पार्टनर सना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।