
मेरठ के केके इंटर कॉलेज में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर अब आवाज उठाई गई है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना-पत्र में कॉलेज परिसर की बदहाल व्यवस्था को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता सागर लिसाड़ी के मुताबिक कॉलेज परिसर और आसपास लंबे समय से जलभराव और गंदगी की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इसके चलते विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। परिसर में गंदगी और मच्छरों के पनपने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी जताया गया है।
प्रार्थना-पत्र में खराब शौचालयों को लेकर भी शिकायत की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों को दिए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पौष्टिक और बेहतर भोजन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
शिकायत में मांग की गई है कि कॉलेज परिसर से तत्काल पानी की निकासी कराई जाए, नालियों की सफाई, कूड़ा हटाने और फॉगिंग-सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की जाए।
साथ ही नगर निगम से समन्वय कर तीन दिन के भीतर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
