
मेरठ। जाम और ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए शहर के चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी में कोताही बरतने की शिकायतों पर एसपी ट्रैफिक ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। एसपी ट्रैफिक ने इंस्पेक्टर ट्रैफिक को सभी चौराहों पर नियमित चेकिंग के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के ड्यूटी से गायब रहने और ड्यूटी के समय मोबाइल चलाते पकड़े जाने पर सख्त कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को पत्र जारी करते हुए शहर के सभी चौराहों की आकस्मिक चेकिंग के निर्देश दिए हैं। सुबह 8 से 11:00, स्कूलों की छुट्टी के समय और शाम 5:00 से 6:00 बजे हर तीसरे दिन अलग-अलग स्थान पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की चेकिंग करने के आदेश जारी किए गए हैं। इस दौरान जो भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले या ड्यूटी के समय झुंड बनाकर आपस में बातचीत करते और मोबाइल चलाते हुए नजर आए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। एसपी ट्रैफिक ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक ड्यूटी में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
