
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र में लगभग 10 दिन पहले मामूली विवाद में दबंगों के हमले का शिकार हुआ पीड़ित परिवार शुक्रवार को हमले का लाइव वीडियो लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचा। जहां पीड़ितों ने थाने के दरोगा पर आरोपियों से सेटिंग करके खुद पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
किठौर कस्बे के व्यापारियान मोहल्ले का रहने वाला गुलफाम शुक्रवार को अपने परिवार के साथ ऐसएसपी ऑफिस पहुंचा। गुलफाम ने बताया कि बीती 7 तारीख की शाम वह अपने घर वापस लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में बैठकर शराब पी रहे सलीम और उसके साथियों ने गुलफाम के साथ गाली गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। गुलफाम के बचाव में आई उसकी बहन नूरजहां का आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई करते हुए सिर फोड़ दिया। वहीं, गुलफाम के भाई रिफाकत का हाथ टूट गया। पीड़ितों के मेडिकल में भी गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। लेकिन, इसके बावजूद पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए सिर्फ दो आरोपियों को जेल भेजा है। अन्य आरोपी अभी क्षेत्र में खुले घूम रहे हैं। वहीं, केस की जांच कर रहा दरोगा पीड़ितों पर आरोपियों से समझौते का दबाव बना रहा है। एसएसपी ने मामले में जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
