Report by : News Desk
Published at :
e radio india logo e radio india logo
विज्ञापन
विज्ञापन
शिवपाल की कार्यकर्ताओं को चेतावनी, धमकी देने वालों पर होगी कार्रवाई
  • 2027 चुनाव से पहले सपा की छवि सुधारने की कवायद
  • हर वर्ग से विनम्रता से मिलने और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले पार्टी की छवि सुधारने और कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर उठने वाले सवालों के बीच वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्यकर्ता जनता से यह कहता पाया गया कि ‘चुनाव हो जाने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे’, तो उसे तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया जाए। इटावा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।

शिवपाल यादव ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए कि इस तरह की धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग ऐसी बातों के जरिए समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार के प्रति सतर्क रहना चाहिए और ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचे।

दरअसल, भाजपा की ओर से सपा पर गुंडाराज, अपराध और माफिया राज को बढ़ावा देने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। चुनावों में भी भाजपा इन मुद्दों को सपा के खिलाफ उठाती रही है। ऐसे में शिवपाल यादव का बयान पार्टी की छवि बदलने और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

शिवपाल ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने का तरीका भी समझाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर वर्ग और जाति के लोगों से हाथ जोड़कर और विनम्रता के साथ मिलें। वोट मांगते समय भाषा का ध्यान रखें और किसी के प्रति गलत टिप्पणी न करें। यदि कोई व्यक्ति उनसे कुछ कहता है तो उसकी बात को धैर्यपूर्वक सुनें। उनके मुताबिक, विनम्र व्यवहार के साथ जनता के बीच जाने पर वोट की कमी नहीं होगी।

2027 का चुनाव बताया ‘करो या मरो’ की लड़ाई

शिवपाल यादव ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को समाजवादियों के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताया। उन्होंने इसकी तुलना आजादी की लड़ाई से करते हुए महात्मा गांधी के नारे ‘करो या मरो’ का उल्लेख किया। उनके बयान को आगामी चुनाव के लिए संगठन में अनुशासन और कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर विशेष जोर देने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषण के अनुसार, इस घटनाक्रम को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अखिलेश यादव की छवि अपेक्षाकृत सौम्य नेता की रही है, जबकि शिवपाल यादव की जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ मानी जाती है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कार्यकर्ताओं को लेकर दिया गया यह संदेश पार्टी के किसी औपचारिक निर्देश के तहत था या शिवपाल यादव ने अपने स्तर पर यह बात कही।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›