रानी लक्ष्मीबाई: साहस और स्वाभिमान की अमर गाथा

नई दिल्ली।रानी लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की उन वीरांगनाओं में शामिल हैं, जिन्होंने अपने साहस, स्वाभिमान और अदम्य संकल्प से अंग्रेजी साम्राज्य को चुनौती दी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका ने उन्हें संघर्ष और बलिदान का प्रतीक
बना दिया।
उन्होंने झांसी के अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक स्तर पर भी संघर्ष किया और जब परिस्थितियां युद्ध तक पहुंचीं तो रणभूमि में उतरकर नेतृत्व किया। 18 जून 1858 को ग्वालियर के निकट बलिदान देने वाली रानी लक्ष्मीबाई की गाथा आज भी देश की पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और आत्मसम्मान की रक्षा करने की प्रेरणा देती है।
रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ माना जाता है। बचपन में उनका नाम मणिकर्णिका था। परिवार के लोग उन्हें मनु और छबीली कहकर बुलाते थे। उनके पिता मोरोपंत तांबे पेशवा बाजीराव द्वितीय के दरबार से जुड़े थे और माता भागीरथी बाई धार्मिक संस्कारों वाली महिला थीं। मां के निधन के बाद पिता ने उनका पालन-पोषण किया और बाद में उन्हें लेकर बिठूर चले गए।बिठूर में मनु का संपर्क नाना साहेब और तात्या टोपे से हुआ। उस समय लड़कियों की शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर सीमित थे, लेकिन मनु ने घुड़सवारी, तलवारबाजी, तीरंदाजी और निशानेबाजी जैसी विधाओं का अभ्यास किया। उन्होंने हिंदी, मराठी और संस्कृत का ज्ञान भी प्राप्त किया। शास्त्रों, नीति और युद्धकला में उनकी रुचि ने आगे चलकर उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को मजबूत आधार दिया।वर्ष 1842 में मणिकर्णिका का विवाह झांसी के महाराजा गंगाधर राव नेवालकर से हुआ। विवाह के बाद उनका नाम लक्ष्मीबाई रखा गया। महारानी बनने के बाद उन्होंने राज्य के प्रशासन, परंपराओं और जनजीवन को समझा। वर्ष 1851 में उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन कुछ महीने बाद उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद महाराजा ने अपने रिश्तेदार के पुत्र आनंद राव को गोद लिया और उसका नाम दामोदर राव रखा।