मेरठ

पुलिस ने 52 लाख के 221 मोबाइल बरामद कर लौटाए

e radio india meerut
  • CEIR पोर्टल की मदद से मेरठ समेत दूसरे जिलों और राज्यों से खोजे गए मोबाइल; रिजर्व पुलिस लाइन में वास्तविक मालिकों को सौंपे गए फोन

मेरठ पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 52 लाख रुपये कीमत के 221 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। इनमें कई नामी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन का पता लगाया। बरामद फोन मेरठ के अलावा दूसरे जनपदों और विभिन्न राज्यों से भी खोजे गए।

19 नवंबर को मालिकों को सौंपे मोबाइल

19 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद फोन में वीवो, ओप्पो, रियलमी, रेडमी, सैमसंग, मोटोरोला, वनप्लस और आईफोन समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।

सर्विलांस सेल ने बरामद किए सबसे अधिक फोन

थानावार बरामदगी में लिसाड़ी गेट पुलिस ने 27 और कंकरखेड़ा पुलिस ने 12 मोबाइल बरामद किए। लोहियानगर थाना पुलिस को आठ मोबाइल मिले। वहीं, सर्विलांस सेल की टीम ने सबसे अधिक 78 मोबाइल खोजे। शेष मोबाइल अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बरामद किए।

इस अभियान में तकनीक और पुलिस की सक्रियता से लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में मदद मिली है। CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन का पता लगाने की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए राहत लेकर आई, जो अपना फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।