भतीजे निकले ताऊ के घर पर हुई लाखों की चोरी के मास्टरमाइंड, माल सहित गिरफ्तार

मेरठ। लगभग एक हफ्ते पहले लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने पीड़ित के दो भतीजों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी की सारी ज्वैलरी बरामद की गई है। दरअसल, इस्लामाबाद में चार दिवारी के सामने वाली गली में तस्लीम का परिवार रहता है। बीती 16 नवंबर को अज्ञात बदमाशों ने तस्लीम के घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में तस्लीम द्वारा अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसओ लिसाड़ी गेट विशाल कुमार ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तस्लीम के पड़ोस में रहने वाले उसके भतीजे 19 वर्षीय अदनान और 23 वर्षीय अरबाज़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ही अपने ताऊ तस्लीम के घर पर चोरी की प्लानिंग की थी। आरोपियों के कब्जे से तस्लीम के घर से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद कर ली गई है।