मेरठ

आधी रात को मखदूमपुर घाट पर पहुंचे एसएसपी, गंगा मेले का किया निरीक्षण

e radio india meerut

मेरठ। मंगलवार को गंगा स्नान से पहले सोमवार आधी रात को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने अधिकारियों के साथ हस्तिनापुर क्षेत्र में स्थित मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग से लेकर सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति सोमवार देर रात एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक, सीओ मवाना, सीओ सिविल लाइन और सीओ सरधना के साथ हस्तिनापुर थाना क्षेत्र स्थित मखदूमपुर घाट पर पहुंचे। जहां उन्होंने सोमवार को लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी और अन्य अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में स्नान घाटों, प्रमुख मार्गो, पार्किंग स्थलों आदि का निरीक्षण किया। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात संचालन एवं भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने सीसीटीवी कैमरों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम से मेले में सभी संवेदनशील स्थानों, स्नान घाटों और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसी के साथ बुजुर्गों एवं दिव्यांग जनों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए जाने के लिए भी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया।