मेरठ

आतंकी वीडियो पर कमेंट करके आतंकियों के संपर्क में आया था उजैद, आर्मी कैंप पर हमले की बनाई थी प्लानिंग

e radio india meerut

मेरठ। जम्मू पुलिस की मदद से कोतवाली क्षेत्र में दबोचे गए आतंकियों के स्लीपिंग मॉडल उजैद की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि उजैद ने वर्ष 2025 में आर्मी कैंप पर हमले की प्लानिंग की थी। जिसके लिए उसे बाकायदा ट्रेनिंग भी मिली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का निवासी उजैद पुत्र साजिद आतंकी शहजाद भट्टी और कई आतंकी ग्रुपों द्वारा सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे ग्रुपों से जुड़ा हुआ था। वर्ष 2025 में जम्मू में गिरफ्तार हुए आतंकी साजिद की गिरफ्तारी के बाद उजैद का नाम भी सामने आया। इसके बाद उजैद पिछले 10 महीने से फरार चल रहा था। जम्मू पुलिस और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सोमवार को उजैद को कोतवाली क्षेत्र में गिरफ्तार किया। पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर आतंकियों द्वारा संचालित कई कट्टरपंथी ग्रुपों से जुड़ा था। वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखा था। आतंकी मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद, डॉक्टर इसरार अहमद आदि के वीडियो पर कमेंट करता था। ऐसे ही एक वीडियो पर उजैद ने एक बार ‘हम भी तैयार हैं’ का कमेंट किया। जिसके बाद वह साजिद के संपर्क में आया। इसके बाद उजैद को यूपी में किशोरों को आतंकवादी गतिविधियों से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें वह किशोरों के मोबाइलों पर आतंकी संगठनों से जुड़े वीडियो भेजता था। बाद में उन्हें डिलीट कर देता था। वर्ष 2025 में उजैद व उसके सहयोगियों द्वारा आर्मी के किसी बड़े कैंप या आर्मी के काफिले पर फियादीन हमले की योजना भी बनाई गई। साजिद को इसकी रेकी करने का काम दिया गया था। हथियार व एक्सप्लोसिव जैकेट उजैद को उपलब्ध कराकर साजिश को अंजाम देने का काम मिला था। इसके संबंध में उजैद को गुरेजवेली में ट्रेनिंग भी दी गई थी। एसएसपी ने बताया कि उजैद से जुड़े अन्य लोगों के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है।