मेरठ

दूसरे निकाह को लेकर मियां-बीवी के परिवार में खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों से कई घायल

e radio india meerut

मेरठ। मंगलवार की रात लिसाड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक के दूसरे निकाह को लेकर पहली बीवी के परिजनों ने दामाद के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए। सीओ कोतवाली ने बताया कि दोनों पक्षों से दी गई तहरीर पर जांच और कार्रवाई की जा रही है।
मुरादनगर निवासी आसिफा का निकाह चार साल पहले ढबाई नगर गली नंबर 16 निवासी बाबू के बेटे रिजवान के साथ हुआ था। दंपति में विवाद के चलते डेढ़ साल पहले आसिफा अपने मायके चली गई। आरोप है कि रिजवान के परिजनों ने आसिफा को तलाक दिलाये बिना सोमवार को रिजवान का दूसरा निकाह कर दिया। जिसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार की शाम आसिफा अपने परिजनों के साथ शौहर के घर पहुंची। जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सीओ कोतवाली ने बताया कि मामले की जांच करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।