मेरठ कमिश्नरी पर किसानों का जमावड़ा, 1000 किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे

WhatsApp Image 2026 09 01 at 1.55.04 PM
e radio india meerut

मेरठ में आज भारतीय किसान यूनियन टिकैत की महापंचायत को लेकर कमिश्नरी परिसर किसानों से भर गया है। जिले की तीनों तहसीलों से करीब एक हजार किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कमिश्नरी पहुंच चुके हैं। कमिश्नरी के चारों तरफ 100 से ज्यादा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी हैं और किसान अपनी लंबित मांगों को लेकर कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन और घेराव कर रहे हैं।

महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। किसानों के लिए संगठन की ओर से भंडारे की भी व्यवस्था की गई है, जहां हजारों किसानों के लिए खाना तैयार किया जा रहा है।

महापंचायत से पहले भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने जिले के कई गांवों और तहसील क्षेत्रों में बैठकें कर किसानों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की थी।

पंचायत स्थल पहुंचने से पहले राकेश टिकैत कमिश्नरी पार्क में ललिता गौतम प्रकरण को लेकर धरने पर बैठे रवि गौतम से भी मिले। टिकैत ने कहा कि पुलिस को अपने व्यवहार में थोड़ा नरम रुख अपनाना होगा। पुलिस का कठोर व्यवहार गुंडों के लिए होना चाहिए, आंदोलनकारियों के लिए नहीं।

वहीं, बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पहुंचने से आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद एसपी सिटी और एडीएम सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए।

महापंचायत में हरियाणा के जींद जिले से पहुंचे रागनी गायक संदीप भी किसानों के बीच अपनी रागनी पेश कर रहे हैं। किसान रागनी का आनंद लेते हुए महापंचायत में जुटे हुए हैं।