उत्तर प्रदेश

सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर की 100 साल पुरानी मस्जिद गिराने से जुड़ी याचिका पर सुनवाई से इनकार किया

e radio india meerut

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 100 साल पुरानी एक मस्जिद को गिराने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने याचिकाकर्ता को इलाहाबाद उच्च न्यायालय जाने को कहा।याचिका में कहा गया था कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 100 साल पुरानी एक मस्जिद को गिराना, बुलडोजर के इस्तेमाल पर 2024 के एक अहम फैसले में उच्चतम न्यायालय की तय की गई विध्वंस संबंधी गाइडलाइंस का उल्लंघन है।
आरोपों की सीधे जांच करने से इनकार करते हुए न्यायालय ने याचिकाकर्ता से संबंधित उच्च न्यायालय जाने को कहा। न्यायालय ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के उल्लंघन का हर मामला सीधे उच्चतम न्यायालय के सामने नहीं लाया जा सकता।न्यायालय ने कहा कि विध्वंस संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, यह तय करने के लिए उस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करनी होगी। यह काम संबंधित उच्च न्यायालय द्वारा किया जाना ही ज्यादा उचित होगा। न्यायालय ने साफ किया कि वह अवमानना की कार्यवाही में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक जांच नहीं कर सकती।हालांकि, न्यायालय ने यह साफ कर दिया कि अगर उच्च न्यायालय मामले की जांच करने के बाद यह पाता है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है, तो इसके उचित परिणाम होंगे।