अयोध्या से सीधे जनकपुरधाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ

अयोध्या/नई दिल्ली। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुरधाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पौराणिक मिलन एक बार फिर जीवंत हो रहा है। इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का संबंध नहीं है, बल्कि यह आस्था, आत्मीयता और साझा विरासत का रिश्ता है। इसे सदियों से रोटी-बेटी के संबंध के रूप में जाना जाता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के पारंपरिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं। उन्होंने कहा कि जनकपुर में विवाह पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव दोनों देशों की साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत मिसाल है।