Report by : News Desk
Published at :
कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर डिरेल हुई मालगाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्नाव। कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर लखनऊ के पिपरसंड स्टेशन के पास पेट्रोलियम पदार्थ की ढुलाई करने वाली मालगाड़ी के दो टैंकर डिरेल हो गए, जिससे  ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। 20 यात्री ट्रेनें तीन से पांच घंटे तक लेट हो गईं।

लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी मंगलवार रात करीब 9:30 बजे पिपरसंड रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी बीच तेज आवाज हुई तो चालक ट्रेन को ब्रेक लगाता इससे पहले ही दो खाली टैंकर पटरी से उतर गए। चालक व गार्ड पिपरसंड के सहायक स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी।

रेलवे कंट्रोल रूम से जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के अधिकारियों की नींद उड़ गई। आनन-फानन लखनऊ से रेस्क्यू टीम को भेजा गया। डिरेल मालगाड़ी के अगले हिस्से को अलग कर रात करीब 12 बजे उन्नाव जंक्शन भेज दिया गया।

ट्रैक बाधित होने से लखनऊ और कानपुर से आने-जाने वाली ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक एच मेहंदी ने बताया कि घटना से कई ट्रेनें विलंबित हुईं। लेकिन सभी को अलग-अलग ट्रैक से आवागमन कराया गया। ट्रेनों का आवागमन अब सामान्य है।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›