• मनोरंजन
  • फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, सुरक्षा बढ़ाई गई

    salman khan sixteen nine

    मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान के मुंबई में बांद्रा स्थित आवास के बाहर रविवार सुबह तकरीबन पांच बजे दो अज्ञात बदमाश अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो गए। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना के समय सलमान खान घर पर ही थे।
    पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 5 बजे दो अज्ञात बदमाश दोपहिया वाहन पर बांद्रा पश्चिम में स्थित सलमान खान के घर के बाहर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने लगातार 4 राउंड फायरिंग की।

    घटना की जानकारी मिलते ही बांद्रा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और सलमान खान के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। कुछ दिन पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा था कि सलमान खान को मारना उसकी जिंदगी का मकसद है।
    बिश्नोई की धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान की सुरक्षा की समीक्षा कर उनकी सुरक्षा बढ़ाई थी। कुछ दिन पहले अभिनेता-गायक गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित आवास पर भी लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने हमला किया था। कहा जा रहा है कि इस हमले की वजह सलमान खान के साथ उनके करीबी रिश्ते थे। हालांकि सलमान खान को वाई प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है, लेकिन आज उनके आवास के सामने फायरिंग के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

    896dfc74a1d6a63cf9784224c56faeeb

    Neha Singh

    नेहा सिंह इंटर्न डिजिटल पत्रकार हैं। अनुभव की सीढ़ियां चढ़ने का प्रयत्न जारी है। ई-रेडियो इंडिया में वेबसाइट अपडेशन का काम कर रही हैं। कभी-कभी एंकरिंग में भी हाथ आजमाने से नहीं चूकतीं।
    1 mins