
CM योगी के मेरठ दौरे की खबर पर कमिश्नरी चौराहे पर जुटे अधिवक्ता
मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन की सूचना के बाद कमिश्नरी चौराहे पर सैकड़ों अधिवक्ता जुट गए। वकील मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपना चाहते थे। इसी दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
अधिवक्ताओं ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। वकीलों का कहना था कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों पर सरकार की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल बुलाया गया। एसपी सिटी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे। एसपी सिटी ने खुद अधिवक्ताओं के बीच जाकर उनसे बातचीत की और उनकी मांगों को सुना।
अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री और शासन स्तर तक लिखित रूप में पहुंचाया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं का आक्रोश शांत हुआ।
इसके बाद वकीलों ने मुख्यमंत्री से जबरन मिलने के अपने फैसले को वापस ले लिया। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बातचीत के जरिए मांगों के समाधान की उम्मीद बनी है।












