
मेरठ। शुक्रवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राज्यसभा सांसद डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई के आवास से चंद कदम की दूरी पर बदमाशों ने दयालेश्वर महादेव मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंदिर में घुसे तीन बदमाश पीतल और चांदी की पांच प्रतिमाएं चुरा कर ले गए। जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में रोष है।
दरअसल, न्यू मोहनपुरी में राज्यसभा सांसद डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई के आवास से चंद कदम की दूरी पर प्राचीन दयालेश्वर महादेव मंदिर है। मंदिर के पुजारी पंडित रोशन झा ने बताया कि शनिवार की सुबह वह मंदिर खोलने पहुंचे तो भीतर रखी भगवान की पांच प्रतिमाएं गायब थीं। मंदिर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। जिसमें रात 1:30 बजे बाइक पर आए तीन बदमाश मंदिर में दाखिल होते नजर आए। इसके बाद बदमाशों ने मंदिर में रखी विष्णु भगवान की दो मूर्तियों सहित लड्डू गोपाल, राधा रानी, लक्ष्मी माता की तीन अन्य मूर्तियां चोरी कर लीं। इनमें तीन मूर्ति पीतल की थीं, जिनमें भगवान को सोने के कुंडल पहनाए गए थे। इसी के साथ दो मूर्तियां चांदी की थीं। चोरी हुई मूर्तियों की कीमत लाखों में है। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे आदि चेक करते हुए बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। मंदिर के पुजारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है।

