
दिल्ली में यमुना नदी को पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मंगलवार को ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ सेवा शुरू की जा रही है।
केंद्रीय पोर्ट, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। दिल्ली सरकार का मानना है कि इस पहल से राजधानी में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और यमुना के किनारे मनोरंजन की नई सुविधाएं विकसित होंगी।दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने क्रूज सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि यह केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की संयुक्त परियोजना है। उन्होंने कहा कि क्रूज नाव तैयार है और शुरुआत में इसमें लगभग 40 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। भविष्य में सेवा का विस्तार करते हुए इसमें और नावें शामिल करने की योजना है।’नमो यमुना क्रूज सफारी’ सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर के मार्ग पर संचालित होगी। इस दौरान यात्रियों को यमुना नदी और उसके आसपास के क्षेत्र का अलग अनुभव मिलेगा। परियोजना का उद्देश्य दिल्लीवासियों के लिए पर्यटन और मनोरंजन का नया विकल्प तैयार करना है।मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, क्रूज सेवा के साथ नदी के किनारे मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है। यहां हर शाम म्यूजिकल फाउंटेन शो आयोजित करने की योजना है। इस शो में भगवान कृष्ण और मां यमुना से जुड़ी कथाओं को संगीत और रोशनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।इस परियोजना के तहत यमुना किनारे करीब पांच किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट विकसित करने की भी योजना है। सरकार का उद्देश्य नदी के आसपास ऐसे सार्वजनिक और मनोरंजन स्थल तैयार करना है, जहां लोग परिवार के साथ समय बिता सकें। इससे राजधानी में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यमुना रिवर क्रूज दिल्ली को एक नया अनुभव देने के लिए तैयार है। उन्होंने इसे मां यमुना को लोगों के करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के रिवरफ्रंट को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज नाव इलेक्ट्रिक ऊर्जा से संचालित होगी और परियोजना में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों का पालन किया जाएगा। इलेक्ट्रिक नाव के इस्तेमाल का उद्देश्य नदी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए प्रदूषण के प्रभाव को सीमित रखना है।

