• उत्तर प्रदेश
  • मेरठ
  • पति संग नोएडा रहने की जिद पर अड़ी महिला ने खाया जहर, मौत

    eradio india general image || Normal Pic || Profile pic

    मवाना। नोएडा में नौकरी कर रहे पति के साथ रहने की जिद पर अड़ी विवाहिता ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई। परिवार वालों ने सूचना फलावदा पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने कार्रवाई से इंकार किया है।
    फलावदा थाना क्षेत्र के गांव नेडू निवासी कमल सिंह नोएडा में बर्फ फैक्ट्री में नौकरी करता है। उसकी तीन साल पहले जानसठ थाना क्षेत्र के गांव महलकी निवासी सोनम से शादी हुई थी। शादी के बाद से सोनम अपनी ससुराल में रह रही है। सोनम कई माह से अपने पति के साथ नोएडा रहने की जिद कर रही थी पर वह उसे साथ नहीं ले गया था। अब कमल सिंह सोनम को दो-चार दिन में अपने साथ ले जाने की बात कह रहा था लेकिन वह नहीं मानी।
    सोनम बार-बार नोएडा में उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी। कमल के नोएडा नहीं ले जाने पर नाराज होकर सोनम ने शुक्रवार रात जहर खा लिया। हालत खराब होने पर ससुराल वालों ने उसे मेरठ के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया लेकिन इलाज के चलते शुक्रवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
    ससुराल वाले विवाहिता का शव गांव ले आए और फलावदा पुलिस को सूचना दी। फलावदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई से इंकार किया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

    08f23965bd5137ba918236c42b0b0c23

    Santram Pandey

    पत्रकारिता के 40 बसंत पार कर चुके संतराम पांडे, पूर्णकालिक पत्रकार हैं और खाटी पत्रकारिता के जीवंत उदाहरण स्वरूप अंकुरित प्रतिभाओं को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में ई-रेडियो इंडिया के वरिष्ठ संपादक हैं।
    1 mins