
शामली एनकाउंटर को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद अब बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने उन पर तीखा हमला बोला है।
संगीत सोम ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या का दुख नहीं, बल्कि उनके हत्यारों के एनकाउंटर का दुख है। उन्होंने कहा कि वह खुद रविवार को शामली में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और पूरा भाजपा परिवार अंकित बालियान के परिवार के साथ खड़ा है।
संगीत सोम ने कहा कि कल तक अखिलेश यादव अंकित बालियान की हत्या पर सवाल उठा रहे थे, लेकिन जब पुलिस ने कथित हत्यारों का एनकाउंटर किया तो वह दुखी हो गए। उन्होंने अखिलेश यादव पर पुलिस और जाति की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
संगीत सोम ने अखिलेश यादव की STF को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में पुलिस अधिकारियों की हत्याएं हुई थीं, लेकिन क्या उन्हें आज तक न्याय मिला?
बीजेपी नेता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन की तारीफ करते हुए दावा किया कि अंकित बालियान के परिवार को चार दिन में न्याय दिलाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों के साथ खड़े होने का आरोप भी लगाया और कहा कि अब वह अंकित बालियान के हत्यारों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
वहीं PDA को लेकर भी संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को जाति की बात नहीं करनी चाहिए और आरोप लगाया कि PDA के नाम पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने PDA की अपनी विवादित व्याख्या करते हुए इसे “पापी, डकैत, अपराधियों का गठबंधन” बताया और दावा किया कि जनता आने वाले समय में उन्हें सबक सिखाएगी।









