Report by : Neha Singh
Published at :
eradio india general image || Normal Pic || Profile pic
विज्ञापन
विज्ञापन

पटना। बिहार में महागठबंधन के सीट बंटवारे को लेकर भले दिल्ली में बैठक चल रही हो, लेकिन राज्य में घमासान मचा हुआ है। पूर्णिया सीट को लेकर राजद और कांग्रेस पार्टी आमने-सामने नजर आ रही है।
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव तीन दिन से दिल्ली में हैं। इस बीच, बुधवार को बिहार की पूर्व मंत्री बीमा भारती ने दावा किया कि पूर्णिया सीट से राजद ने उन्हें टिकट देते हुए सिंबल दे दिया।

जदयू को छोड़कर हाल ही में राजद में शामिल हुई भारती के इस दावे के बाद पूर्णिया सीट पर महागठबंधन में रार खुलकर सामने आ गई। पूर्व मंत्री के इस दावे के बाद पूर्व सांसद और कांग्रेस के नेता पप्पू यादव ने कहा कि वह “दुनिया छोड़ देंगे, लेकिन पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे”।

पप्पू यादव ने कहा कि वह पूर्णिया के युवा, महिलाओं, बुजुर्गों से आशीर्वाद ले चुके हैं। सभी से पूर्णिया को नम्बर एक बनाने का वादा कर चुके हैं। ऐसे में पूर्णिया छोड़ने का सवाल ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि वह पूर्णिया के बेटे हैं और मरते दम तक यहीं रहेंगे। नामांकन भरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बस वे पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि हाल में ही पप्पू यादव ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी और फिर दिल्ली जाकर अपनी जन अधिकार पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया था। इसके बाद यह तय माना जा रहा था कि पप्पू यादव कांग्रेस की टिकट पर पूर्णिया से लडेंगे।

फिलहाल, पूर्णिया सीट को लेकर बीमा भारती और पप्पू यादव के जरिए राजद और कांग्रेस आमने-समाने नजर आ रही है। अब देखने वाली बात है कि दोनो पार्टियों के ‘थिंकटैंक’ इस समस्या का समाधान कर पाते हैं या यहां दोस्ताना संघर्ष होगा।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›