• उत्तर प्रदेश
  • जौनपुर
  • जौनपुर में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में पथराव व फायरिंग, सपा कार्यकर्ता को लगी गोली

    jaunpur jpg

    जौनपुर : मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के रीठी बाजार में सोमवार को मतदान संपन्न होने के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच फायरिंग, पथराव, तोड़फोड़ से दहशत का माहौल बन गया। गोली लगने से सपा का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। पथराव में दो बाइक, कई दुकानें व ठेले क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस फायरिंग से इनकार कर रही है। भारी तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने को उच्चाधिकारी बड़ी संख्या में अर्द्ध सैनिकों व पुलिस जवानों के साथ देर रात तक डटे हुए हैं।
    इस विधान सभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक सपा प्रत्याशी लकी यादव, जदयू के पूर्व सांसद धनंजय सिंह, भाजपा के डा. कृष्ण प्रताप सिंह, बसपा के शैलेंद्र यादव समेत कुल 12 उम्मीदवार भाग्य की आजमाइश कर रहे हैं। इंटर कालेज रीठी मतदान केंद्र पर दिन भर फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच नोकझोंक होती रही। शाम छह बजे मतदान संपन्न होने के बाद एक प्रत्याशी के समर्थक पास ही स्थित रीठी बाजार में फायरिंग करने लगे। पता चलने पर पहुंच गए दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने पथराव शुरू कर दिया। । इस दौरान दोनों तरफ गोलीबारी में सपा कार्यकर्ता 27 वर्षीय संदीप यादव पुत्र अमरनाथ यादव निवासी गांव ककोहियां दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से हवा में भी सात-आठ राउंड गोलियां चलाईं गईं। बाजार में भगदड़ और भय का वातावरण बना रहा। अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने लाठी भांजते हुए सभी लोगों को मौके से खदेड़ दिया। खबर लगते ही एएसपी द्वय डा. संजय कुमार (सिटी), शैलेंद्र कुमार सिंह (ग्रामीण), सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल बड़ी संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस जवानों के साथ पहुंचे, किंतु तब तक दोनों प्रत्याशियों के उग्र समर्थक वहां से इधर-उधर हो गए।

    08f23965bd5137ba918236c42b0b0c23

    Santram Pandey

    पत्रकारिता के 40 बसंत पार कर चुके संतराम पांडे, पूर्णकालिक पत्रकार हैं और खाटी पत्रकारिता के जीवंत उदाहरण स्वरूप अंकुरित प्रतिभाओं को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में ई-रेडियो इंडिया के वरिष्ठ संपादक हैं।
    1 mins