• फीचर्ड
  • मनोरंजन
  • फिल्म L2 एम्पुरान को 17 जगहों से काटा जायेगा

    The film L2 Empuran will be cut in 17 places

    हाल ही में मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार मोहनलाल की नई फिल्म L2 एम्पुरान रिलीज की गई, रिलीज होने के साथ ही फिल्म राजनीतिक विवादों के घेरे में आ गई। फिल्म पर 2002 के गुजरात दंगों और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का जिक्र करने के आरोप लगे हैं, जिसके चलते यह एक राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है। जहां एक तरफ कांग्रेस और वाम दलों के कुछ नेताओं ने फिल्म की तारीफ की है, वहीं दूसरी ओर संघ परिवार और दक्षिणपंथी समूहों ने इसकी कड़ी आलोचना की है।

    दिलचस्प बात यह है कि केरल की सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ही फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। उनका मानना है कि फिल्म दक्षिणपंथी राजनीति के “एजेंडे” को सामने लाती है। दूसरी ओर, दक्षिणपंथी संगठनों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे “हिंदू विरोधी” और “हिंदू धर्म को बदनाम करने वाला प्रचार” बताया है।

    इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और पलक्कड़ से विधायक राहुल ममकूट्टथिल ने मोहनलाल और निर्देशक पृथ्वीराज सुकुमारन के खिलाफ विरोध को अनुचित बताया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि KGF और पुष्पा ने जिस तरह अपनी-अपनी फिल्मों में क्षेत्रीय पहचान को दिखाया, उसी तरह एम्पुरान ने केरल की क्षेत्रीयता को उभारा है। ममकूट्टथिल ने यह भी कहा कि जो लोग ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द केरल स्टोरी’ जैसी फिल्मों को लेकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन कर रहे थे, वही अब ‘एम्पुरान’ का विरोध कर रहे हैं, जो उनके दोहरे मापदंड को उजागर करता है।

    दूसरी ओर, ‘सनातन धर्म’ और ‘हिंदू पोस्ट’ जैसे दक्षिणपंथी प्लेटफॉर्म्स ने फ़िल्म को “हिंदू-विरोधी” करार दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई दक्षिणपंथी संगठनों का मानना है कि फिल्म के निर्माता पृथ्वीराज सुकुमारन ने मोहनलाल और उनके प्रशंसकों को धोखा दिया है।

    हालांकि, केरल में बीजेपी राज्य इकाई ने इस विवाद से खुद को अलग कर लिया है। बीजेपी केरल के महासचिव पी. सुधीर ने कहा कि पार्टी किसी फिल्म के खिलाफ अभियान नहीं चलाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म अपनी राह चलेगी और पार्टी अपना काम करेगी। हर किसी को अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है।

    विवादों के बाद अब इस फिल्म में 17 कट लगाए जाएंगे. फिल्म में 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े कुछ सीन हैं, जिनको अब एडिट किया जाएगा. फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने इस बात की पुष्टि की है. फिल्म का न्यू वर्जन अगले हफते सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, फिल्म में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और दंगों को दिखाने वाले कुछ सीन काटे जाएंगे. इसके साथ ही फिल्म के खलनायक बाबा बजरंगी का नाम भी बदला जाएगा. इसके साथ ही कुछ डायलॉग्स को भी म्यूट किया जाएगा.

    हालाकि पहले फिल्म मेकर गोकुलम गोपालन ने पहले कहा था कि इस फिल्म को सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिल गई है. फिल्म में 17 सीन इसलिए हटाए जा रहे हैं, ताकि लोगों के एक वर्ग की भावनाओं को ठेस न पहुंचे. एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन ने कथित तौर पर कट लगाने पर सहमति जताई है.

    आपको बता दें कि राजनीतिक विवादों के बावजूद, फिल्म ‘L2 एम्पुरान’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है। अब तक 86 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह अब तक का नया रिकार्ड बना रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को सिर्फ केरल में ही 746 स्क्रीन्स पर दिखाया गया जिसमें कुल 4,500 से अधिक शो मिले, जो अब तक का एक बड़ा रिकॉर्ड है।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 mins