पूर्व रणजी खिलाड़ी का बेटा निकला घर में हुई लाखों की चोरी का मास्टरमाइंड, तीन साथियों सहित गिरफ्तार

मेरठ। रविवार को नौचंदी थाना क्षेत्र में पूर्व रणजी खिलाड़ी के घर हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में गृह स्वामी के बेटे सहित उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद किया गया है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि शास्त्री नगर सेक्टर 13 में रेलवे के कर्मचारी आशु शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। आशु शर्मा पूर्व रणजी क्रिकेटर रह चुके हैं। रविवार को आशु अपनी पत्नी रीमा और बेटी के साथ खरीदारी करने गए थे। इस दौरान आशु का बेटा समीर घर पर अकेला था। इसी बीच ताला खोलकर घर में दाखिल हुए दो बदमाशों ने घर में रखा लगभग 10 लाख कैश और लाखों की ज्वैलरी चोरी कर ली। सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रोहित उर्फ़ गबरु, ओम सरीन और अंकित को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि तीनों ही आरोपी आशु के बेटे समीर के दोस्त हैं। समीर ने ही इस पूरी चोरी की प्लानिंग की थी। जिसके चलते उसने अपने दोस्तों को घर की चाबी दी थी। इसके बाद पुलिस ने समीर को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के पास से 8,82,500 कैश और सोने-चांदी की लगभग 25 लाख की ज्वैलरी बरामद की गई है। पूछताछ में समीर ने बताया कि उसके पिता उसे जबरन क्रिकेटर बनाना चाहते थे। क्रिकेटर न बनने पर उसे जायदाद से बेदखल करने की धमकी दे रहे थे। जिसके चलते उसने चोरी की प्लानिंग की। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।