जन्माष्टमी पर मेरठ में कड़ा पहरा

WhatsApp Image 2026 09 03 at 5.22.52 PM
e radio india meerut

14 शोभायात्राएं, 11 स्थानों पर पैदल गश्त, ड्रोन और कैमरों से होगी निगरानी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मेरठ पुलिस ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है। त्योहार पर किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए शहर में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।

एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि जनपद में जन्माष्टमी के अवसर पर कुल 14 शोभायात्राएं निकलेंगी। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11 प्रमुख स्थानों पर पुलिस की पैदल गश्त कराई जाएगी।

इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों और अन्य कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मनचलों और बदमाशों पर विशेष नजर रहेगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यानी जन्माष्टमी पर आस्था के साथ सुरक्षा भी पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और मेरठ पुलिस की निगाह जमीन से लेकर आसमान तक रहेगी।