
- लोगों ने राहुल गांधी के सामने अपनी समस्याएं रखीं
- सपा नेताओं ने भी मुलाकात कर मुद्दे उठाए
रायबरेली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के अंतिम दिन बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। गेस्ट हाउस के बाहर लोगों की लंबी कतार लगी रही।
जनता दरबार में आम लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी उनसे मिले और स्थानीय मुद्दों को उनके सामने रखा। इससे कांग्रेस और सपा के बीच राजनीतिक समन्वय की तस्वीर भी सामने आई।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने राहुल गांधी से मुलाकात कर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए रायबरेली के राजेंद्र यादव के नाम पर स्मारक और चौराहा बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहीद के नाम पर अब तक स्मारक या प्रतिमा नहीं बन सकी है। राहुल गांधी से इस दिशा में जल्द कार्रवाई का आग्रह किया गया।
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। रायबरेली महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने उन्हें राखी बांधी और तिलक लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व में आगे काम करने की बात कही।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने भी राहुल गांधी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों को संरक्षित करने तथा मुंशीगंज शहीद स्मारक के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा कराने की मांग रखी।
राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान सर्राफा कारोबारियों से भी मुलाकात हुई। कारोबारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में गिरावट का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने बढ़े जीएसटी का मुद्दा संसद में उठाने का भरोसा दिया।
राहुल गांधी अपने दौरे के अंतिम दिन सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद वह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में शामिल होंगे।







