
मेरठ में समाजवादी व्यापार सभा ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर जताई नाराजगी
त्योहारों के मौसम में खाद्य सुरक्षा के नाम पर छोटे व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी व्यापार सभा ने मेरठ में आवाज उठाई है! दीपावली से पहले पर्चून और फुटकर दुकानदारों पर कथित अनावश्यक दबाव बनाने के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कुछ अधिकारी जांच और कार्रवाई के नाम पर छोटे व्यापारियों का आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि मिलावट रोकना और आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर ईमानदारी से कारोबार करने वाले दुकानदारों को परेशान करना उचित नहीं है। व्यापार सभा ने मांग की है कि प्रदेश के सभी जनपदों में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। खाद्य पदार्थों की जांच निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। किसी भी व्यापारी को अनावश्यक रूप से परेशान करने, धमकाने या आर्थिक दबाव बनाने की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी कहा कि दीपावली जैसे त्योहार पर छोटे दुकानदारों को अपना कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि आम जनता को जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। अब देखना होगा कि प्रशासन व्यापारियों की इन मांगों पर क्या कदम उठाता है।

