
- मेरठ में अधूरी नाली ने बढ़ाई परेशानी, डीएम से कार्रवाई की मांग
तीन महीने से घरों के सामने भरा गंदा पानी, बदबूदार माहौल और मच्छरों का बढ़ता प्रकोप! मेरठ में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने अब जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से पूरी गली की जल निकासी ठप हो गई है।
मामला मवाना रोड स्थित रेवी कॉलोनी में पंचवटी कॉलोनी के सामने डॉक्टर सुंदरपाल वाली गली का है। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि यह क्षेत्र ग्राम अहमदपुर आदिपुर के अंतर्गत आता है। करीब तीन महीने पहले नाली निर्माण का काम शुरू हुआ था, लेकिन आरोप है कि निर्माण आधा-अधूरा छोड़कर बंद कर दिया गया। इसके चलते गली में पानी भर गया और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया।
शिकायत के मुताबिक, जल निकासी के लिए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर साइड से नाली खोदने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोगों ने कथित तौर पर टीम और स्थानीय निवासियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें नाली खोदने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई और राजनीतिक रसूख का हवाला दिया गया।
लोगों का कहना है कि गंदे पानी के जमाव से बच्चे और बुजुर्ग बीमारियों के खतरे का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और कथित धमकी देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है और स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलती है।

