
मुबारिकपुर में युवक पर फायरिंग, घर में घुसने के बाद भी गोलियां चलाने का आरोप
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। आरोप है कि हथियारबंद दबंगों ने जोनी नाम के युवक को निशाना बनाया और उसे देखते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जान बचाने के लिए जोनी भागकर एक पड़ोसी के घर में घुस गया और खुद को अंदर बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बावजूद हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा और घर के बाहर से दोबारा फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही भावनपुर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से कई जिंदा और चले हुए कारतूस बरामद किए हैं।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही फायरिंग की पूरी वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।











