
अमित शाह ने यूपी को देश के विकास का इंजन बताया
ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के चौथे संस्करण का आगाज हो गया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में उद्योग, निवेश, विनिर्माण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए प्रदेश को देश के विकास का इंजन बताया।
अमित शाह ने कहा कि 25 सितंबर की तारीख का विशेष महत्व है। इसी दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय से जुड़े जनसंघ ने आगे चलकर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने यह भी कहा कि 25 सितंबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेक इन इंडिया अभियान की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक 12 वर्ष पहले शुरू हुई यह पहल यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसी गतिविधियों से जुड़ती है।
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि प्रदेश डबल इंजन की सरकार के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश विनिर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनने से निवेश को गति मिली है। अपने संबोधन में उन्होंने 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार के कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इसी माहौल के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है।
भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यापार का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लक्ष्य पूरा होगा।
रक्षा क्षेत्र में निवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के छह स्थानों पर डिफेंस कॉरिडोर को लेकर निवेश आ रहा है और भारत आज दुनिया के 80 देशों को निर्यात कर रहा है। उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस से जुड़े काम का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रदेश के बढ़ते रक्षा विनिर्माण पर भी जोर दिया।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बदलती औद्योगिक तस्वीर को उदाहरणों के जरिए सामने रखा। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश को कभी वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं के लिए जाना जाता था, वही अब वाहन निर्माण और ज्वैलरी के क्षेत्र में हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। हाईवे, मेट्रो और कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ छोटे उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना को स्थानीय उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के छोटे कारोबार और पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिल रही है।
शाह ने बताया कि वह ओडीओपी से संबंधित वेबसाइट की लॉन्चिंग करके कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के आयोजन के लिए योगी सरकार को शुभकामनाएं दीं।
