- चार दमकल गाड़ियों ने मशक्कत के बाद पाया काबू
- लाखों रुपये का नुकसान, आग लगने के कारणों की जांच जारी
मेरठ। दीपावली की रात सदर थाना क्षेत्र में पटाखे की चिंगारी से एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, सदर क्षेत्र निवासी नकुल ने सदर थाने के पास राजू तिवारी का गोदाम किराये पर लिया हुआ है। यहां वह मोनिका इंटरप्राइजेज के नाम से कबाड़ का कारोबार करता है। पड़ोस में रहने वाले कुलभूषण अग्रवाल ने दीपावली की रात गोदाम से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसी बीच दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
रॉकेट या पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
गोदाम संचालक नकुल ने बताया कि गोदाम की टीन शेड पीछे की ओर से खुली हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी रॉकेट या पटाखे की चिंगारी गोदाम में पहुंचने से आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच करने की बात कही है।

