यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस में 181 सीटों पर पेंच

- कांग्रेस की कथित सूची में सपा के मौजूदा विधायकों वाली 22 सीटें भी शामिल।
- अमेठी, रायबरेली, सहारनपुर और पश्चिमी यूपी की सीटों पर भी दावेदारी की चर्चा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। दोनों दल भले ही गठबंधन जारी रखने की बात कह रहे हों, लेकिन सीटों की दावेदारी ने बातचीत को महत्वपूर्ण मोड़ पर ला दिया है। कांग्रेस की ओर से सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपे जाने की खबर है। खास बात यह है कि इस कथित सूची में 22 ऐसी सीटें भी शामिल बताई जा रही हैं, जहां फिलहाल सपा के विधायक हैं।
कांग्रेस की इस दावेदारी का खुलासा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान किया था। उनसे जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस 180 सीटें मांग रही है, तो उन्होंने जवाब दिया था, ‘180 में एक जोड़ दीजिए।’ इसके बाद 181 सीटों की मांग को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
हालांकि, कांग्रेस और सपा दोनों की ओर से सीटों की कथित सूची आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस ने अक्टूबर में अपनी प्राथमिकता वाली सीटों की सूची सपा को सौंपी थी। ऐसे में इसे अंतिम सीट बंटवारा नहीं, बल्कि शुरुआती दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
सपा के कब्जे वाली 22 सीटें भी सूची में
कथित सूची में शामिल 181 सीटों में करीब 22 ऐसी बताई जा रही हैं, जहां वर्तमान में सपा के विधायक हैं। इनमें अमेठी, सहारनपुर और बछरावां जैसी सीटों के नाम भी सामने आए हैं। सहारनपुर देहात से सपा के आशु मलिक विधायक हैं, जबकि अमेठी से महाराजी प्रजापति और बछरावां से श्याम सुंदर भारती प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
सूची में कुछ ऐसी सीटें भी शामिल बताई गई हैं, जहां सपा के टिकट पर जीतने के बाद विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। इनमें गौरीगंज, ऊंचाहार और कालपी जैसी सीटों का उल्लेख किया जा रहा है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट भी कांग्रेस की दावेदारी वाली सूची में बताई गई है, जहां सपा विधायक पंकज मलिक हैं।