SIR विरोध से कारोबार प्रभावित होने की आशंका

ol 1
e radio india meerut

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के बीच कई राज्यों के व्यापारी संगठनों ने राहुल गांधी से प्रदर्शन वापस लेने की अपील की है। संगठनों का कहना है कि विरोध प्रदर्शनों और यातायात संबंधी बाधाओं से त्योहारों के मौसम में कारोबार प्रभावित हो रहा है।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन, दिल्ली दाल एवं बेसन मिलर्स एसोसिएशन और जयपुर व्यापार महासंघ सहित कई संगठनों ने इस संबंध में राहुल गांधी को पत्र और ईमेल भेजे हैं।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सिराजुद्दीन एल्लाथोडी और अजय गुप्ता ने भी कांग्रेस नेता से व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान देने का आग्रह किया। एल्लाथोडी के अनुसार, त्योहारों के दौरान होने वाली बिक्री पर निर्भर व्यापारियों को विरोध प्रदर्शनों से नुकसान उठाना पड़ सकता है।

दिल्ली दाल एवं बेसन मिलर्स एसोसिएशन के सदस्य घनश्याम दास गोयल ने कहा कि नवरात्र और दीपावली के दौरान दूसरे क्षेत्रों से व्यापारी दिल्ली में सामान खरीदने आते हैं। उन्होंने दावा किया कि विरोध प्रदर्शनों के कारण आवाजाही प्रभावित होने से छोटे कारोबारियों का व्यापार संकट में पड़ रहा है।

बेंगलुरु उलसूर क्लॉक मर्चेंट एसोसिएशन के सदस्य प्रकाश पिरगल ने भी राहुल गांधी से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों और शादी-ब्याह के मौसम में सड़कों पर बाधाओं से कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ और अन्य संगठन SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। व्यापारी संगठनों ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे विरोध के साथ-साथ कारोबारियों की आजीविका और आम लोगों की आवाजाही पर पड़ने वाले प्रभाव का भी ध्यान रखें।